अयोध्या। दुर्गापूजा और रामलीला महोत्सव को अधिक भव्य और अनुशासित बनाने के लिए सोमवार को रामलीला मैदान चौक स्थित लल्ली देवी गेस्ट हाउस में केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के संरक्षक व पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता जनता की सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम हर बार से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इस वर्ष शोभायात्राओं में पुष्पवर्षा और भव्य व्यवस्था की जाएगी।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि दुर्गापूजा और रामलीला अयोध्या की पहचान हैं, इन्हें भव्य बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि पदाधिकारी लगातार आयोजन समितियों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचा रहे हैं। इस वर्ष शोभायात्राओं की वीडियोग्राफी कराने और अनुशासनहीन समितियों पर कार्रवाई का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रोहित सिंह, पूर्व मंत्री अमृत राजपाल, शक्ति सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, उत्तम बंसल समेत कई संरक्षकों ने भी विचार रखे। महिला व पुरुष शक्ति वाहिनी के अलग-अलग दलों के गठन और मेला क्षेत्र में निगरानी की भी घोषणा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।