Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर भीटी पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 43 किलो अवैध गांजा...

भीटी पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 43 किलो अवैध गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार; दो फरार

0

अम्बेडकरनगर। जिले में अपराध व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत भीटी थाना पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 43.082 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि महरुआ की ओर से दो गाड़ियों टीयूवी व स्विफ्ट डिजायर में कुछ लोग अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना पर खजुरी पेट्रोल पंप के पास वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन टीयूवी सवारों ने पुलिस पर एक राउंड फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की और घेराबंदी कर स्विफ्ट डिजायर में सवार तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि टीयूवी सवार दो आरोपित गन्ने के खेत के रास्ते फरार हो गए।
तलाशी के दौरान स्विफ्ट डिजायर से 37.078 किलो और टीयूवी से 6.004 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में संदीप कुमार राजभर निवासी आजमगढ़, सोनू चौहान निवासी गोरखपुर व इसरावती निवासी गोरखपुर शामिल हैं। फरार आरोपितों की पहचान राहुल वर्मा व अर्जुन वर्मा के रूप में हुई है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
इस संबंध में थाना भीटी पर एनडीपीएस एक्ट व बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version