Monday, October 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यानिष्पक्ष चुनाव में सपा प्रत्याशी की जीत तय, शिक्षकों का समर्थन बनेगा...

निष्पक्ष चुनाव में सपा प्रत्याशी की जीत तय, शिक्षकों का समर्थन बनेगा आधार : त्रिभुवन दत्त


◆ शिक्षक हितों के मुद्दों को लेकर सपा ने भरी हुंकार, संजयन त्रिपाठी के समर्थन में उतरे शिक्षक संगठन


अयोध्या। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान से पहले आलापुर के सपा विधायक एवं चुनाव प्रभारी त्रिभुवन दत्त ने अयोध्या में प्रेसवार्ता कर पार्टी की चुनावी रणनीति और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि निष्पक्ष चुनाव होने पर सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।

त्रिभुवन दत्त ने चुनाव आयोग और प्रशासन से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने ईवीएम को लेकर समाज के एक वर्ग में व्याप्त शंकाओं का हवाला देते हुए बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और मतदाताओं का विश्वास कायम करना आवश्यक है।


शिक्षकों की समस्याओं को बनाया चुनावी मुद्दा


प्रेसवार्ता में त्रिभुवन दत्त ने जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती की मान्यता, संस्कृत विद्यालयों एवं मदरसों के स्थायीकरण और तदर्थ शिक्षकों को नियमित किए जाने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की जरूरत बताते हुए कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी शिक्षकों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है।


नारायण गुट के शिक्षक संघ के समर्थन का दावा


त्रिभुवन दत्त ने बताया कि नारायण गुट के शिक्षक संघ ने बैठक और विचार-विमर्श के बाद सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संगठनों का समर्थन और पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता चुनाव में प्रत्याशी की स्थिति मजबूत करेगी।

सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि शिक्षकों का समर्थन और पार्टी की शिक्षक हितैषी नीतियां संजयन त्रिपाठी की जीत का आधार बनेंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सपा प्रत्याशी को समर्थन देंगे।

प्रेसवार्ता में चुनाव प्रभारी एवं प्रदेश सचिव छोटे लाल यादव, महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह, महासचिव घनश्याम यादव, श्री चंद यादव, लवलेश पांडेय, सूर्यकांत पांडेय सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments