अम्बेडकर नगर। इल्तिफातगंज कस्बे के चमनगंज मोहल्ले में नववर्ष की रात हुई चोरी की वारदात का थाना इब्राहिमपुर पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण और एक लाख 41 हजार छः सौ रुपये नकद बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, एक जनवरी की रात्रि चमनगंज मोहल्ला, कस्बा इल्तिफातगंज स्थित एक मकान में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। पीड़िता अजीबुनिंशा पत्नी अलीहसन की तहरीर पर थाना इब्राहिमपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। थाना इब्राहिमपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने ग्राम पूराबक्श राय के आगे बरूआ जलाकी-टाण्डा मार्ग से आरोपी मोहम्मद अकराम पुत्र मोहब्बत अली, निवासी कमरिया, थाना कलवारी, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 175.9 ग्राम पीली धातु, 1500 ग्राम सफेद धातु के आभूषण तथा 1,41,600 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद आभूषणों में पाजेब, पायल, हार, कंगन, अंगूठी, मांगटीका, नथिया, कान की बालियां, मंगलसूत्र का लाकेट सहित कुल 26 प्रकार के जेवरात तथा एक टाइटन घड़ी शामिल है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस सफल अनावरण में थानाध्यक्ष रितेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, मुनिमन रंजन दूबे, हेड कांस्टेबल दीपक सिंह, संतोष यादव, कांस्टेबल रणधीर सिंह एवं विशाल कुमार की सराहनीय भूमिका रही।