अंबेडकर नगर। कटेहरी विकास खंड के ग्राम पंचायत मरथुआ सरैया के बोझवा स्थित तालाब पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए जाने का मामला फिर सुर्खियों में है। ग्रामीणों का कहना है कि सात वर्ष पहले लेखपाल की रिपोर्ट पर तहसीलदार अकबरपुर द्वारा 30 नवंबर 2019 को अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद आज तक तालाब की भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया जा सका है। कई बार ग्रामीणों ने आदेश का अनुपालन कराने की मांग की, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
सरैया निवासी जय सिंह, इंद्रजीत वर्मा, बीरू व घनश्याम आदि ग्रामीणों के अनुसार तालाब की भूमि पर जिस अलीकदर नाम के व्यक्ति द्वारा कब्जा किया गया है, वह कटेहरी विकास खंड के दरवन रज्जूपुर का मूल निवासी है। मरथुआ सरैया में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करके यहां का भी निवासी बन गया है। उसके द्वारा दो ग्राम पंचायतों में मतदान के साथ की सरकार की योजनाओं का दोहरा लाभ भी उठा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब गांव की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है, जो अतिक्रमण के कारण तालाब का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ जन आंदोलन का सहारा लेने के लिए भी बाध्य होंगे।