अयोध्या। जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार को हुए अग्निकांड के बाद बाधित हुई स्वास्थ्य सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट आई हैं। शनिवार को अस्पताल प्रशासन ने अधिकांश चिकित्सकीय सुविधाएं दोबारा संचालित कर दीं। अस्पताल में दिनभर चार सामान्य प्रसव और दो सीजर ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि शुक्रवार को अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। घटना के बाद पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों की सक्रियता और फायर ब्रिगेड की मदद से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया था।
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. विभा कुमारी ने बताया कि तीसरी मंजिल पर स्थित सेफ्टिक वार्ड को छोड़कर अन्य सभी वार्डों में चिकित्सा सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। प्रभावित वार्ड के मरीजों को सुरक्षित रूप से पुराने भवन और दूसरे वार्डों में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने कहा कि तीसरी मंजिल पर तकनीकी कमियों को दूर करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और जल्द ही वहां भी व्यवस्थाएं सामान्य कर दी जाएंगी।
सीएमएस के अनुसार अस्पताल की ओपीडी, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेवाएं शनिवार से नियमित रूप से संचालित होने लगी हैं। वहीं शुक्रवार को ही दोपहर बाद इमरजेंसी सेवाएं पुनः शुरू कर दी गई थीं। अस्पताल प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।