Saturday, May 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यापुलिस को चिकित्सकों ने दिया जीवनरक्षक तकनीक का प्रशिक्षण

पुलिस को चिकित्सकों ने दिया जीवनरक्षक तकनीक का प्रशिक्षण


◆ आईएमए व एक हास्पिटल के चिकित्सकों ने दिया कार्डियक अरेस्ट, हीट स्टोक व हार्ट अटैक जैसी आपात स्थितियों से जान बचाने की जानकारी


◆  रिजर्व पुलिस लाइन के आरटीसी सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम


अयोध्या। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आरटीसी सभागार में शनिवार को आयोजित सीपीआर प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जीवनरक्षक तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और एक हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गंभीर दुर्घटना में घायलों को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने, कार्डियक अरेस्ट, हीट स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी आपात स्थितियों में मरीज की जान बचाने के तरीकों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने डमी मॉडल पर अभ्यास कराते हुए बताया कि शुरुआती चार से पांच मिनट में सही तरीके से दिया गया सीपीआर किसी की जिंदगी बचा सकता है। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में हृदयाघात के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सीपीआर का ज्ञान हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की धड़कन रुक जाए तो घबराने के बजाय तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दें और मरीज को समतल स्थान पर लिटाकर छाती के बीचोंबीच लगातार दबाव देना शुरू करें। उन्होंने कहा कि प्रति मिनट 100 से 120 कंप्रेशन की गति प्रभावी मानी जाती है और शुरुआती चार से पांच मिनट में दिया गया सीपीआर जीवन बचाने में बेहद अहम होता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि पुलिस कर्मी अक्सर दुर्घटनाओं और आपात परिस्थितियों में सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं। ऐसे में सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीक का प्रशिक्षण उन्हें लोगों की मदद करने में और अधिक सक्षम बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे ताकि पुलिस बल की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत हो सके। आईएमए प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. निशांत सक्सेना, डॉ स्वप्निल सिन्हा, डॉ. नानक शरण, डॉ. फिरोज, डॉ. एस.एम. द्विवेदी और डॉ. रमेश सिन्हा भी मौजूद रहे।


पत्रकारों को भी मिला जीवनरक्षक प्रशिक्षण


आईएमए और मेदांता की टीम ने दूसरे सत्र में प्रेस क्लब अयोध्या में पत्रकारों को भी सीपीआर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव और सचिव जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस दौरान आईएमए पदाधिकारियों ने पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments