अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह में उनके लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के साथ अब उन्हें पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त साड़ी और स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा समेत विभिन्न जिलों से करीब 12 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे उनकी सरकार ने बढ़ाकर सात हजार रुपये किया। सहायिकाओं के मानदेय में भी वृद्धि की गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अब पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
योगी ने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बेहद खराब थी। कई केंद्रों पर बच्चों को पेयजल तक उपलब्ध नहीं था और बच्चे अपने साथ टाट लेकर आते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पोषाहार व्यवस्था पर माफिया का प्रभाव था। सरकार और माफिया की व्यवस्था की खामियों का खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों को व्यवस्थित स्वरूप देने का काम किया गया है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से काम करने में सुविधा देने के लिए अब तक एक लाख 28 हजार स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दो साड़ियां मिलती थीं। अब एक अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराई जाएगी और इसके लिए 500 रुपये की राशि भी जोड़ी गई है।
सभीआंगनबाड़ीकेंद्रोंकेअपनेभवनकालक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का अपना भवन होना चाहिए। इसके लिए राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि का उपयोग किया जाएगा अथवा अलग से बजट की व्यवस्था कर आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का बच्चों के भविष्य में महत्वपूर्ण योगदान है। स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही समर्थ भारत की नींव बनेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण है।
आंगनबाड़ीकार्यकर्ताओंकीभूमिकाकोयशोदामइयासेजोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में आंगनबाड़ी से जुड़ी महिलाओं की भूमिका की तुलना द्वापर युग की यशोदा मइया से की थी। उन्होंने कहा कि जिस तरह यशोदा मइया ने कान्हा का पालन-पोषण किया, उसी प्रकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण और देखभाल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास तथा कुपोषण दूर करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने पोषण अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में अतिकुपोषित श्रेणी से स्वस्थ हुए बच्चों और उनकी माताओं को भी सम्मानित किया गया।
हनुमानगढ़ीऔररामललाकेकिएदर्शन
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने रामलला के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन और आरती की। मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे।
राम मंदिर में मुख्यमंत्री का स्वागत राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदानी, ट्रस्टी मदन मोहन पांडे, राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य एवं श्रीरामवल्लभा कुंज के प्रमुख स्वामी राजकुमार दास तथा व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव ने किया।