जलालपुर, अंबेडकर नगर। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा नेताओं ने क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, बुद्धिजीवियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए लोगों को पत्रक भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला मंत्री पंकज वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने उपस्थित लोगों को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए पत्रक भेंट किए।
नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
जनसंपर्क अभियान का संयोजन मीडिया प्रभारी विकास निषाद ने किया। इस अवसर पर अधिवक्ता संत प्रसाद पांडे, राम आसरे, पिछड़ा मोर्चा नगर अध्यक्ष सोनू गौड़, शक्ति केंद्र संयोजक शिवनाथ त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।