Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पूर्व सूबेदार मेजर राम आधार मौर्य को सैन्य सम्मान के साथ दी...

पूर्व सूबेदार मेजर राम आधार मौर्य को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

0

अंबेडकर नगर। देश की रक्षा और भारतीय सेना में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले बसखारी निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राम आधार मौर्य को सोमवार को नम आंखों के बीच अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को जब सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई तो माहौल गमगीन हो उठा। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शुभचिंतक पहुंचे।

राम आधार मौर्य का जन्म 8 जनवरी 1949 को हुआ था। उन्होंने भारतीय सेना में रहते हुए देश की सेवा की और सूबेदार मेजर (जूनियर कमीशन अधिकारी) के पद से सेवानिवृत्त हुए। पिछले करीब आठ वर्षों से वह बीमारी से जूझ रहे थे। सोमवार, की देर शाम को उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

उनकी अंतिम यात्रा के दौरान अयोध्या आर्मी कैंप से सूबेदार सचिन मोरे के नेतृत्व में पहुंचे पांच जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। राष्ट्रध्वज में लिपटे पार्थिव शरीर के सामने जवानों द्वारा दी गई सलामी ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इस दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

अंतिम संस्कार में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बीके शुक्ला समेत हरिश्चंद्र यादव, सैनिक कल्याण के संरक्षक संतराम मौर्य, जिला अध्यक्ष सूरज जोशी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राम अवतार मौर्य, उपाध्यक्ष सुशील वर्मा, महामंत्री सुरेंद्रनाथ वर्मा, रमेश पटेल, पूर्व कमांडो संजय यादव, जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य तथा टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version