Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर ट्यूबवेल का ताला तोड़कर पांच हॉर्स पावर की मोटर चोरी

ट्यूबवेल का ताला तोड़कर पांच हॉर्स पावर की मोटर चोरी

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के सेठाकला गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोर किसान के खेत में लगे ट्यूबवेल का ताला तोड़कर पांच हॉर्स पावर की बिजली मोटर उठा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार को ट्यूबवेल पहुंचे किसान को हुई। लगातार हो रही मोटर चोरी की घटनाओं से किसानों में रोष व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेठाकला गांव निवासी मंसाराम पुत्र स्व. रामनिहोर ने खेत की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल पर पांच हॉर्स पावर की बिजली मोटर लगा रखी थी। मंगलवार को जब वह ट्यूबवेल पर पहुंचे तो वहां लगा ताला टूटा हुआ देखकर सन्न रह गए। अंदर जाकर देखा तो बिजली मोटर गायब थी। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद मालीपुर थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बताया जाता है कि करीब एक पखवाड़े पूर्व जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के खदरा सेठाकला गांव निवासी बृजमोहन मिश्रा के मालीपुर थाना क्षेत्र के जगतूपुर बिल्टई गांव स्थित ट्यूबवेल का ताला तोड़कर चोर बिजली मोटर उठा ले गए थे। उक्त मामले में भी अभी तक मोटर का पता नहीं चल सका है।

कम समय के अंतराल में ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटनाएं होने से क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है। किसानों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पूर्व की घटनाओं का खुलासा किए जाने की मांग की है। इस संबंध में मालीपुर प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version