जलालपुर, अंबेडकरनगर। ब्लॉक संसाधन केंद्र जलालपुर में सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु आयोजित पांच दिवसीय बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता प्रशिक्षण के पांचवें चक्र का समापन हुआ। अंतिम दिन खंड शिक्षा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान सदैव सर्वोपरि रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण से अर्जित ज्ञान को विद्यालयों में बच्चों के हित में लागू करने पर बल दिया। इस प्रशिक्षण में 50-50 के दो बैचों को कुशल संदर्भ दाताओं—अजीत यादव, लाल धारी यादव, सूर्यभान, मनीष उपाध्याय और अभिषेक यादव—द्वारा प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में भाषा और गणित की आधारभूत दक्षता तथा कक्षा तीन में लागू की गई एनसीईआरटी आधारित नई पाठ्यपुस्तकों की समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। शिक्षकों को बच्चों को रोचक गतिविधियों के माध्यम से सरल तरीकों से शिक्षित करने के गुर सिखाए गए। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक संत कुमार सिंह, राजाराम वर्मा, वंदना मिश्रा, ओंकार नाथ, मोहम्मद आमिर, सदफ जहरा, मोहम्मद अरशद सहित कई शिक्षक मौजूद रहे