Tuesday, July 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरसंदिग्ध परिस्थितियों में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी आग, लाखों का...

संदिग्ध परिस्थितियों में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान राख


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के नवादा बाजार में शुक्रवार देर रात एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार नवादा बाजार निवासी मोहम्मद सलीम की रेडीमेड कपड़ों की बड़ी दुकान में रात करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। सबसे पहले पास स्थित यूनियन बैंक में ड्यूटी कर रहे गार्ड ने धुआं और आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों व दुकानदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने में लग गए।

इसी बीच दुकानदार मोहम्मद सलीम भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। बाद में फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब तक राहत टीम मौके पर पहुंची, तब तक दुकान में रखा करीब 30 से 40 लाख रुपये मूल्य का रेडीमेड कपड़ा जलकर खाक हो चुका था। आग की चपेट में आने से दुकान की बिल्डिंग को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं पीड़ित दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments