अंबेडकर नगर। शासन के निर्देशानुसार कृषकों के हित में जनपद में चलाए जा रहे 10 दिवसीय फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी देखने को मिल रही है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन एवं सतत निगरानी में अभियान के दूसरे दिन कुल 4200 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराई गई।
अब तक जनपद के कुल 4,61,169 कृषकों में से 2,87,746 कृषकों का रजिस्ट्री कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में और अधिक गंभीरता, समर्पण एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सहज एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वे अभियान की प्रगति में और गति व गुणवत्ता लाते हुए अंबेडकरनगर जनपद को राज्य स्तर पर अग्रणी स्थान दिलाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।