Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मिशन शक्ति की पहल से फिर खुशहाल हुआ परिवार, महिलाओं को साड़ी...

मिशन शक्ति की पहल से फिर खुशहाल हुआ परिवार, महिलाओं को साड़ी और बच्चों को बांटी गई मिठाई

0
ayodhya samachar

जैतपुर, अंबेडकर नगर। थाना कटका के मिशन शक्ति केंद्र की पहल से पारिवारिक विवादों को सुलझाकर दांपत्य जीवन में खुशहाली लाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुलह-समझौते के बाद एक साथ जीवनयापन कर रहे करीब एक दर्जन दंपतियों को उनके परिजनों की मौजूदगी में सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं को साड़ी तथा बच्चों को चॉकलेट, टॉफी और मिठाई वितरित कर उनके खुशहाल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने परिवारों को आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सामंजस्य के साथ जीवन बिताने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। आपसी बातचीत, समझदारी और सहयोग से पारिवारिक समस्याओं का समाधान संभव है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के साथ ही पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने में सहयोग करना भी है।
मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को बातचीत और समझौते के जरिए सुलझाने का प्रयास किया गया। सुलह के बाद फिर से साथ रह रहे दंपतियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। महिलाओं को सम्मानित करने और बच्चों को मिठाई व टॉफी देने की पहल ने कार्यक्रम को आत्मीय बना दिया। पुलिस की इस पहल को परिवारों में आपसी सौहार्द और विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में कटका थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल के साथ मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल रजनीश यादव, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण यादव, महिला कांस्टेबल साक्षी, महिला कांस्टेबल प्रिया दीक्षित, महिला कांस्टेबल शिवानी और महिला कांस्टेबल पूनम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस टीम ने दंपतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए परिवार में प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version