अम्बेडकर नगर। हर पौधा माँ का आशीर्वाद होता है, जिसे सहेजने से जीवन खुशहाल और प्रकृति समृद्ध होती है। यह प्रेरणादायक उद्गार भाजपा नेता व नारायण फाउंडेशन के संस्थापक संरक्षक विवेक मौर्य ने गुरुवार को बेवाना में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। अवसर था एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम का, जो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष इज़हार ख़ान के निवास पर सम्पन्न हुआ।
मुख्य अतिथि विवेक मौर्य ने वृक्षों को माँ का प्रतीक बताते हुए कहा कि जैसे माँ जीवन का आधार है, वैसे ही पेड़ हमारे पर्यावरण, स्वास्थ्य और भावी पीढ़ियों के संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हरियाली नहीं, जीवन की सांस हैं। माँ को पूजा जाता है, तो पेड़ को क्यों न पाला जाए? उनके इस भावपूर्ण संबोधन ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
विवेक मौर्य ने युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि एक पेड़ माँ के नाम केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक भावनात्मक आंदोलन है, जो पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का संकल्प बनाता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा कल हमारी भावी पीढ़ियों को छांव, शुद्ध वायु और जीवन देगा। यही सच्चा मातृ ऋण है।
कार्यक्रम में नीम, पीपल, अशोक, अमरूद सहित विभिन्न छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान इज़हार ख़ान, अकरम ख़ान, दीपक यादव, मास्टर जुबैर, मोहम्मद सादिक, शहनवाज़ समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने माँ के नाम एक पेड़, देश के नाम एक प्रण का सामूहिक संकल्प दोहराया और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का लक्ष्य बनाने की शपथ ली।