अंबेडकर नगर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने ग्रामीण एवं शहरी बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। विद्युत विभाग को ढीले तारों और बिजली के खंभों की जांच कर दुरुस्त कराने तथा त्योहारों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दीपावली पर प्रतिमा विसर्जन स्थलों और मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व अन्य व्यवस्थाएं पूरी कराने को कहा।
खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों पर निगरानी रखने और मिलावट की आशंका पर नमूने लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं 12 से 15 नवंबर तक होने वाली छठ पूजा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश, सफाई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा।
डीएम ने आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।