Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बिना उपचारित जल नदियों में न जाए, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें: मुख्य...

बिना उपचारित जल नदियों में न जाए, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें: मुख्य विकास अधिकारी

0

अयोध्या । कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रखर गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा घाटों की नियमित सफाई व्यवस्था की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी दशा में बिना उपचारित जल नालों के माध्यम से नदियों में न प्रवाहित होने पाए। इसके लिए संबंधित विभाग नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण सुनिश्चित करें।

पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, जैव-अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों को ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं नगर निकायों को अभियान से जोड़कर जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही नई नगर पंचायतों में एजेंसियों का टेंडर कर बायो मेडिकल कचरे के सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को रोपित पौधों के संरक्षण, जियो-टैगिंग तथा सर्वाइवल रेट बढ़ाने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक विभाग को लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध वृक्षारोपण एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और हरित क्षेत्र का विस्तार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version