Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर सिकंदरपुर बाजार में अतिक्रमण से लगा भीषण जाम, राहगीर हुए परेशान

सिकंदरपुर बाजार में अतिक्रमण से लगा भीषण जाम, राहगीर हुए परेशान

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के सिकंदरपुर बाजार में अतिक्रमण और सड़क की कम चौड़ाई के कारण गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी के समय भीषण जाम लग गया। दोपहर करीब एक बजे बाजार में वाहनों का दबाव बढ़ने से मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाजार में सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती है। स्कूलों की छुट्टी के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक बाजार से होकर गुजरते हैं। इसी दौरान खरीदारी करने आए लोगों और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई।

जाम के कारण पैदल राहगीरों और स्कूल से लौट रहे छात्र-छात्राओं को भी सड़क पार करने में परेशानी हुई। स्थानीय निवासी महताब आलम, रामशकल मौर्या, रमेश वर्मा, रामकुमार और राममिलन अग्रहरि ने प्रशासन से बाजार में अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि जाम की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्थित कराया। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version