अयोध्या। चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पराग डेरी के पीछे नजूल की भूमि पर अवैध अतिक्रमण मामले में संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। अतिक्रमण में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी प्रारंभ की गई है। मौके पर प्राप्त बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी ताज मोहम्मद पुत्र लाल मोहम्मद के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करा दी गईं है।
जनपद अयोध्या में जिला प्रशासन द्वारा सरकारी (नजूल) भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। ग्राम मांझा जमथरा, परगना हवेली अवध, तहसील सदर स्थित गाटा संख्या-339, क्षेत्रफल 6-12-5, जो अभिलेखों में नजूल सरकार के नाम दर्ज है तथा जिसका प्रबंधन जिलाधिकारी के अधीन है, पर हो रहे अवैध निर्माण को प्रशासन द्वारा हटवा दिया गया। इस भूमि पर कुल 22 व्यक्तियों द्वारा अवैध नवनिमार्ण कराया जा रहा था।
जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त राजकीय भूमि पर कुल 22 व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर नव निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्रशासन द्वारा तत्काल प्रभाव से सभी अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण न करें। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।