जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्की बाजार में रविवार रात मामूली विवाद में दबंगों ने वृद्ध दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमले में बीच-बचाव करने पहुंचा एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी।कुर्की महमूदपुर गांव निवासी रामकिशुन (75) शराब के ठेके से कुछ दूरी पर अपने खेत में बने कमरे में स्नैक्स की छोटी सी दुकान चलाते थे। देर शाम उनकी दुकान पर कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि खानशाह सुलेमपुर निवासी अंश यादव उर्फ डब्लू, उसके मित्र पवन मौर्य और अन्य लोगों ने एक युवक की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपितों ने दुकान में लगा बांस उखाड़ लिया। रामकिशुन ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। शेखपुरा गांव निवासी बसंत लाल बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। रामकिशुन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया। वहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं घायल बसंत लाल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दो नामजद और कुछ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।