अम्बेडकर नगर। जनपद में लगातार पड़ रही शीतलहर, घना कोहरा एवं अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आदेशानुसार जनपद में संचालित समस्त शिक्षा बोर्डों के विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक का शिक्षण कार्य दिनांक 22 दिसंबर से 24 दिसंबर तक स्थगित रहेगा।
यह आदेश परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड, मदरसा बोर्ड तथा संस्कृत शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सभी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। हालांकि सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत शिक्षा परिषद एवं जनपद के सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 10 एवं 12 की प्रायोगिक परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार आयोजित होती रहेंगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी समय से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में सहयोग करते हुए अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। ठंड के इस प्रकोप को देखते हुए अभिभावकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है, जिससे छोटे बच्चों को राहत मिलने की उम्मीद है।