Home News बारिश में डूबी जलनिकासी : जलवानपुरा में भरा पानी, रामनगरी से अयोध्या...

बारिश में डूबी जलनिकासी : जलवानपुरा में भरा पानी, रामनगरी से अयोध्या कैंट तक कई मोहल्लों में जलभराव

0

◆  37 करोड़ की लागत से जलवानपुरा में बनाया गया है पम्प हाउस, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन में टपक रहा है पानी


अयोध्या। रामनगरी के जलवानपुरा में फिर जलभराव हो गया है। बुधवार की भोर 4 बजे से हुई बारिश से रामनगरी के कई मोहल्ले में पानी भर गया। महानगर निवासी अपने घरों से बाहर नही निकल पा रहे है। जलवानपुरा में हुए जलभराव से लगभग 10 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। श्री राम चिकित्सालय के सामने से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर भी पानी भर गया जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।


जलवानपुर में 37 करोड की लागत से लगाया गया है पम्प


जलवानपुरा में जलभराव से निजात के लिए लगभग 37 करोड़ की परियोजना से पम्प हाउस का निर्माण कराया गया है। क्षीरसागर तालाब से रामघाट चौराहा होते हुए सोतिया नाले तक 3200 मीटर लंबी दो पाइप लाइनें बिछाई गई हैं। पम्प की क्षमता 20 हजार ली प्रति मिनट बताई गई है। लेकिन 4 घंटे की बारिश में जलवानपुरा के घरों में पानी घुस गया।


भव्यता के पीछे छुपी अव्यवस्था, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की छत से टपक रहा है पानी


रामनगरी अयोध्या में करोड़ों की लागत से निर्मित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन को आधुनिकता और भव्यता का प्रतीक माना जा रहा था। लेकिन बारिश की बौछार ने ही इसकी गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। जैसे ही बादल बरसे, स्टेशन के भीतर का नजारा हैरान करने वाला था। छत से टपकते पानी ने बुकिंग ऑफिस, आरपीएफ ऑफिस और स्टेशन इंचार्ज कक्ष को भी नहीं बख्शा। स्थानीय यात्रियों और कर्मचारियों के बीच इसे लेकर नाराजगी स्पष्ट झलक रही है। इससे पहले भी बरसात में स्टेशन के पोर्च में पानी भर गया था।


जलनिकासी योजनाएं बारिश में फेल



अयोध्या नगर निगम की बहुप्रचारित जलनिकासी योजनाएं बारिश में फेल हो गईं। रामघाट चौराहा, तुलसीबाड़ी, तपस्वी छावनी तिराहा, कुर्मी मंदिर (सीताकुंड), श्रीराम चिकित्सालय और स्टेशन रोड, राम पथ पर कई स्थानों पर, वजीरगंज जप्ती, देवकाली इलाके, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी कार्यालय जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारी जलभराव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करोड़ों की लागत से बनी सीवर लाइन और पंप स्टेशन बेअसर साबित हुए। नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि जहां जलभराव की जानकारी हुई वहां से पम्प के माध्यम से पानी निकाला जा रहा है।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version