अंबेडकरनगर। होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने अपर जिलाधिकारी ज्योत्स्ना बंधु के साथ परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन, एचटी इंटर कॉलेज टांडा, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा और कौमी इंटर कॉलेज टांडा समेत कई केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्लॉक रूम, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम व परीक्षा कक्षों का गहन अवलोकन किया। साथ ही मेडिकल टीम की व्यवस्था की भी जानकारी ली। डीएम ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात मजिस्ट्रेटों से अभ्यर्थियों के आवागमन की स्थिति के बारे में जानकारी लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी नौ परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के निर्धारित एसओपी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, संबंधित मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।