Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर डीएम और एसपी ने किया यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

डीएम और एसपी ने किया यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

0

◆ 11544 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित


अंबेडकर नगर। रविवार को आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा-जिलेभर में शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जनपद के 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई।

प्रथम पाली में समस्त परीक्षा केंद्रों हेतु पंजीकृत कुल 11,304 परीक्षार्थियों में से 5,548 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 5,756 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में भी पंजीकृत 11,304 परीक्षार्थियों में से 5,516 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 5,788 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।

परीक्षा के सुचारु संचालन की निगरानी हेतु जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बीएस इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परीक्षा की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की और कक्षों में जाकर परीक्षा प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने पाए। उन्होंने कहा कि माननीय आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के उपरांत अधिकारीद्वय ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष द्वितीय पाली की परीक्षा भी पूर्ण सतर्कता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version