अयोध्या। आशा एवं आशा संगिनी कर्मचारी संगठन की अत्यावश्यक बैठक रविवार को रायबरेली रोड स्थित जीएस पब्लिक स्कूल, प्रभात नगर में हुई। बैठक की अध्यक्षता मीरा पाठक ने की। इसमें संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मीरा सिंह, भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह और विभाग प्रमुख जय प्रकाश सिंह मौजूद रहे।
बैठक में आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। उनके संगठन को मजबूत करने और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से आशा एवं आशा संगिनी कर्मचारी संगठन की अयोध्या जिला इकाई का गठन किया गया। भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष मीरा सिंह ने सभी दायित्वधारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मीरा पाठक को जिलाध्यक्ष, संयोगिता को उपाध्यक्ष, शारदा सोनी को महामंत्री और अनुराधा व कौशल्या देवी को उपमंत्री बनाया गया। पवन कुमारी को कोषाध्यक्ष, जानकी सिंह को संगठन मंत्री और प्रीती सिंह को कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष मीरा सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने की बात कही।
जिलाध्यक्ष मीरा पाठक ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं के हितों के लिए मजबूती से आवाज उठाएगा। उन्होंने शोषण और भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।