अम्बेडकर नगर। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नारकोटिक्स समन्वय (एनकार्ड) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाया जाए तथा सिनेमा, सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी जाए।
जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को जनपद में संचालित भांग की दुकानों की नियमित जांच करने तथा वहां गांजे की अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जेल अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।