Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ओवरलोड से ट्रिप हुआ जिला अस्पताल का जेनरेटर, करीब दो घंटे बिजली...

ओवरलोड से ट्रिप हुआ जिला अस्पताल का जेनरेटर, करीब दो घंटे बिजली गुल

0
ayodhya samachar

अयोध्या। जिला अस्पताल में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। मुख्य विद्युत आपूर्ति बाधित होने के बाद बैकअप के लिए चलाया गया जेनरेटर भी अधिक भार नहीं झेल सका और बार-बार ट्रिप करता रहा। इस कारण अस्पताल के विभिन्न वार्डों में लगभग दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद जेनरेटर संचालित किया गया था। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में चल रहे एयर कंडीशनरों का लोड जेनरेटर की क्षमता से अधिक हो गया, जिससे वह लगातार ट्रिप होकर बंद होता रहा। कई बार दोबारा चालू करने के प्रयास भी सफल नहीं हो सके और अंततः अस्पताल के अधिकांश हिस्सों में बिजली पूरी तरह गुल हो गई।
बिजली न रहने से वार्डों में पंखे और अन्य आवश्यक विद्युत उपकरण भी बंद हो गए। उमस और गर्मी के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ गई। बिजली संकट का असर अस्पताल की सामान्य कार्यप्रणाली पर भी पड़ा और कर्मचारियों को कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने सभी एयर कंडीशनर बंद कराए। इसके बाद जेनरेटर पर भार कम होने से उसे दोबारा सफलतापूर्वक चालू किया गया और बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाएं धीरे-धीरे सामान्य हुईं। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि अस्पताल में एयर कंडीशनरों की संख्या अधिक होने के कारण जेनरेटर पर अतिरिक्त लोड पड़ गया था। इसी वजह से वह ओवरलोड होकर बंद हो गया। एसी बंद कराने के बाद जेनरेटर को पुनः चालू किया गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version