◆ डीएम से शिकायत के बाद राजस्व और पुलिस टीम ने की कार्रवाई, जेसीबी से कुछ दूरी तक हटाया गया अतिक्रमण
बीकापुर, अयोध्या। जलालपुर माफी गांव में सरकारी बंजर भूमि से होकर जाने वाले रास्ते की बाधा हटाने के लिए बुधवार को तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से रास्ते को साफ कराने की कार्रवाई शुरू की गई। हालांकि, कुछ दूरी तक रास्ता साफ कराने के बाद कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। अधिकारियों ने सात दिन के भीतर मामले में आगे की कार्रवाई पूरी कराने का आश्वासन दिया है।
पिपरी जलालपुर माफी तिराहे के पास शिकायतकर्ता अंबेश कुमार की जमीन स्थित है। उनका कहना है कि उनकी जमीन के सामने सरकारी बंजर खाते की की भूमि है। इसी सरकारी भूमि से उनकी जमीन तक आवागमन के लिए रास्ता निर्धारित किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा रास्ते में बाधा उत्पन्न किए जाने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही जमीन पर निर्माण कार्य कराने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले की शिकायत उन्होंने जिलाधिकारी से की थी।
डीएम के निर्देश के बाद उप जिलाधिकारी संतोष कुमार के आदेश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। बुधवार दोपहर तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में जेसीबी के जरिए रास्ते से बाधा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासन की टीम ने रास्ते के एक हिस्से को साफ कराया, लेकिन दूसरे पक्ष के विरोध के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। अधिकारियों ने दूसरे पक्ष को संबंधित दस्तावेजों के साथ सात दिन के भीतर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि फिलहाल पूरा रास्ता खाली नहीं हुआ है। इस पर अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए सात दिन के भीतर आगे की कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
नायब तहसीलदार रामखेलावन ने बताया कि रास्ता खाली कराने के संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के अनुपालन में राजस्व और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान लेखपाल रामजी चौहान सहित राजस्व कर्मचारी और कोतवाली पुलिस मौजूद रही।