अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर, प्रवर्तन कार्यों एवं खनन की लंबित अनुमतियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने डीसी सेक्टर-4 द्वारा सही आंकड़े प्रस्तुत न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश देते हुए विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की समीक्षा में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं आबकारी विभाग को राजस्व लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने और विभागीय रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व प्राप्ति बढ़ाने के साथ पुरानी गाड़ियों के परमिट की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। खनन विभाग को ग्रेडिंग में सुधार लाने तथा लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत विभाग को बकाया वसूली में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग को लक्ष्य के अनुरूप प्रवर्तन कार्रवाई बढ़ाने तथा परिवहन विभाग को अभियान और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की विजिलेंस कार्रवाई की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि यदि विजिलेंस टीम प्रभावी ढंग से कार्य नहीं करती है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अगली समीक्षा बैठक में बाट-माप विभाग और वन विभाग को भी शामिल किया जाए, ताकि संबंधित विभागों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की जा सके। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (एफआर) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।