Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कराया...

विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कराया जाए पूर्ण : प्रभारी मंत्री

0

◆  प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट में किया विकास कार्यो की समीक्षा


◆  परिक्रमा मार्ग के कार्यो को शीघ्र पूरा करने का निर्देश


अयोध्या। प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिले प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति, जनहित से जुड़े कार्यों तथा विकास परियोजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में नव भवन निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, सेतु निर्माण, रोड सेफ्टी तथा जीएसटी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनसामान्य तक विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।
प्रभारी मंत्री ने परिक्रमा मार्ग पर चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए,जिससे जनपद में आने वाले श्रद्धालुओ को आवागमन समस्या का सामना ना करना पड़ें। कहा कि गलियों के जल निकासी व्यवस्था बेहतर करा ली जाए। बारिश से पहले सड़कों को गड्ढा मुक्त कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में महापौर ने शहर क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाते हुए उसके स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं विधायक रुदौली ने नवनिर्माण कार्यों में छूटे हुए कार्यों को भी शामिल किए जाने का सुझाव दिया। विधायक बीकापुर ने एक किलोमीटर लंबाई तक की सड़कों को भी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न स्थानीय मुद्दों एवं विकास संबंधी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रुदौली रामचंद्र यादव, विधायक मिल्कीपुर चंद्रभान पासवान, विधायक गोसाईगंज अभय सिंह, विधायक बीकापुर अमित सिंह चौहान, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पाण्डेय मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version