अंबेडकर नगर। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित अंतर्महाविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता में देव इंद्रावती महाविद्यालय कटेहरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता का आयोजन विश्वनाथ प्रताप सिंह महाविद्यालय कलान में किया गया।
प्रतियोगिता के प्रथम चक्र में बाई मिलने के बाद देव इंद्रावती महाविद्यालय की टीम ने दूसरे चक्र में गनपत सहाय महाविद्यालय की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में गत वर्ष की विजेता डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर की टीम को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में अपने चिरप्रतिद्वंद्वी नंदिनी महाविद्यालय, नंदिनी नगर की टीम को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी देव इंद्रावती महाविद्यालय की टीम के खिलाड़ियों को मिला।
इस उपलब्धि पर देव इंद्रावती ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंधक डॉ. राना रणधीर सिंह ने टीम के कोच डॉ. आकाश श्रीवास्तव, खेल प्राध्यापक डॉ. मनोज सिंह, प्रमोद यादव सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी अंतरविश्वविद्यालयी प्रतियोगिता में भी जीत हासिल करने का आशीर्वाद दिया। प्राचार्य डॉ. एबी सिंह, डॉ. वीरबल शर्मा, डॉ. अमित कुमार पांडेय, डॉ. साधना श्रीवास्तव और यशवंत सिंह सहित अन्य प्राध्यापकों ने भी टीम की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजक महाविद्यालय के प्रबंधक के भाई शशि प्रकाश सिंह ने डॉ. राना रणधीर सिंह को बधाई दी। वहीं, कलान महाविद्यालय के वेदप्रकाश सिंह ने भी उनके प्रयासों की सराहना की।