अयोध्या। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को अयोध्या पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अयोध्या पहुंचते ही उपमुख्यमंत्री ने रामलला, हनुमान जी, अयोध्या धाम और पावन सरयू को नमन करते हुए प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने यूजीसी नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का हर निर्णय देश के लिए सम्मान और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के कारण ही राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका, जो पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है।
शंकराचार्य से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि शंकराचार्य के चरणों में प्रणाम करना हर राम भक्त और राष्ट्रभक्त का कर्तव्य है। उन्होंने इसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा विषय बताया।
भदरसा रेप कांड में आरोपी मोईद खान के बरी होने पर उपमुख्यमंत्री ने इसे न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। साथ ही मोईद खान की संपत्तियों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई करार दिया।
अयोध्या जिला जेल से दो कैदियों के फरार होने की घटना पर डिप्टी सीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कैबिनेट बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए उन्होंने इन्हें ऐतिहासिक बताया और कहा कि प्रदेश के 15 लाख से अधिक शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री अयोध्या में विभागीय बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा तथा पूर्व विधायक खब्बू तिवारी की मां को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं।