Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर घनी आबादी से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन हटाने की मांग,...

घनी आबादी से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन हटाने की मांग, व्यापार मंडल ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही 11 हजार केवी उच्चदाब विद्युत लाइन को हटाने की मांग को लेकर जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए विद्युत लाइन को आबादी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि नरेन्द्र देव इंटर कॉलेज, सुरहुरपुर रोड, साहबतारा, मित्तूपुर रोड, रन्नू खां का पूरा और विकास नगर कॉलोनी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के बीच से 11 हजार केवी की उच्चदाब विद्युत लाइन गुजर रही है। कई स्थानों पर यह लाइन मकानों की छतों और संकरी गलियों के बेहद निकट है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है।

व्यापार मंडल का कहना है कि बरसात, तेज हवा, पेड़ों की शाखाओं के संपर्क या तकनीकी खराबी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस विद्युत लाइन से जुड़े हादसों में लोगों की जान जा चुकी है, जिसके चलते क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है।

व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और लाइन को आबादी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, जब तक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल, उपाध्यक्ष देवेश कुमार मिश्रा, आदित्य गोयल, सीताराम, अखलाक अहमद सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version