अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर भाजपा सरकार पर चुनावी धांधली के गंभीर आरोप लगाए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब जो वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं, वह आरोप उन्होंने पहले ही लगाए थे, लेकिन तब न राहुल बोले, न कांग्रेस।
संजय सिंह ने दावा किया कि दिल्ली और देश के आम चुनाव अवैध घोषित किए जाने चाहिए। उनके मुताबिक, दिल्ली में चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा “छोटे-छोटे घरों में 25-35 वोट बनाए गए, केंद्रीय मंत्री के घर में 33 वोट दर्ज थे। केवल अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र से 42,000 वोट काटे गए ।
बिहार चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां 65 लाख वोट काट दिए गए, कुत्ते के नाम पर निवास प्रमाण पत्र जारी हुए और 40 मृतकों के नाम पर एक ही बूथ पर वोट बनाए गए। बीएलओ खुद लोगों के फॉर्म भर रहे थे और उनके हस्ताक्षर बना रहे थे। संजय सिंह ने कहा, “जब चुनाव आयोग कार्रवाई नहीं करेगा तो सच्चाई जनता के सामने रखना ही पड़ेगा। अब चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं, हम रैली और संगठन में लगे रहते हैं, भाजपा दूसरे काम में।” उनके मुताबिक, यह सब देश के लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।