Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामनगरी में एसटीएफ मुख्यालय भवन का निर्माण अंतिम चरण में

रामनगरी में एसटीएफ मुख्यालय भवन का निर्माण अंतिम चरण में

0

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) के नए मुख्यालय भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग (खंड-दो) द्वारा 9.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का करीब 98 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि शेष फिनिशिंग कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

अशर्फी भवन चौराहे के निकट निर्मित यह जी+4 भवन लगभग 1995.12 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। भवन के भूतल पर 211.39 वर्गमीटर क्षेत्रफल में वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परियोजना का निर्माण कार्य 17 अक्टूबर 2023 को प्रारंभ हुआ था।

नए मुख्यालय में कार्यालय कक्ष, बैठक कक्ष, नियंत्रण कक्ष, विश्राम कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। एसटीएफ उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष इकाई है, जो संगठित अपराध, साइबर अपराध और अन्य संवेदनशील मामलों से जुड़े अभियानों में कार्य करती है।

अयोध्या में बढ़ रही गतिविधियों और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए इस भवन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भवन के संचालन में आने के बाद एसटीएफ की प्रशासनिक एवं परिचालन गतिविधियों को एक ही परिसर से संचालित करने में सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि परियोजना का लगभग 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य पूर्ण होने के बाद भवन संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version