Thursday, September 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याबीना खत्री के निधन पर अयोध्या पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

बीना खत्री के निधन पर अयोध्या पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय


शांति पाठ में शामिल होकर दी श्रद्धांजलि, बोलेदुख की घड़ी में निर्मल खत्री के परिवार के साथ कांग्रेस


अयोध्या। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की पत्नी बीना खत्री के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने निर्मल खत्री के आवास पर आयोजित शांति पाठ कार्यक्रम में शामिल होकर बीना खत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अजय राय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस का पूरा परिवार निर्मल खत्री और उनके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी फोन पर निर्मल खत्री से बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की है।


कन्दैला की घटना को लेकर सरकार पर निशाना


अयोध्या पहुंचे अजय राय ने कन्दैला में हुए डबल मर्डर को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या और अत्याचार की घटनाओं को लेकर सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कन्दैला के साथ जौनपुर, बदायूं और लखनऊ की घटनाओं का भी जिक्र करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की।


राम मंदिर के सीईओ चयन पर उठाए सवाल


राम मंदिर के सीईओ के चयन को लेकर उठे विवाद पर अजय राय ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े पुराने विवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे के मामले में ड्राइवर, पैसा गिनने वाले और कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई, लेकिन बड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। अजय राय ने कहा कि सरकार ने अयोध्या में ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ करने की बात कही थी, लेकिन उनके अनुसार मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। राम मंदिर चढ़ावा मामले में अजय राय पहले भी निष्पक्ष जांच की मांग कर चुके हैं।


2027 चुनाव को लेकर बोले अजय राय


2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अजय राय ने कहा कि वह लंबे समय से प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उनके अनुसार कांग्रेस लगातार लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने गोरखपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार पर ‘श्मशान घोटाले’ का आरोप भी लगाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments