◆ 12 बिस्वा भूमि के बैनामे के नाम पर रकम लेने का आरोप, स्टाम्प के लिए भी दिए थे 2.10 लाख रुपये
अयोध्या। जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। अम्बेडकरनगर जिले के भीटी थाना क्षेत्र स्थित गोसाई का पुरवा निवासी छोटेलाल निषाद की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में प्रतीक शाही, प्रणय शाही, प्रतिभा शाही और भीटी निवासी जगदीश शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छोटेलाल निषाद द्वारा दर्ज कराए गए केस के अनुसार आरोपियों ने आपस में मिलकर उसे 12 बिस्वा जमीन का बैनामा कराने का भरोसा दिलाया था। इस सौदे में जगदीश ने क्रेता के रूप में साझेदार बनकर बातचीत की। उसके विश्वास में आकर छोटेलाल जमीन खरीदने के लिए तैयार हो गया। शिकायत के अनुसार, जगदीश ने शुरुआत में अपने बैंक खाते में पांच लाख रुपये मंगवाए। छोटेलाल के बेटे महत्तम ने ऋण लेकर यह रकम उसके खाते में जमा की। इसके बाद चार लाख रुपये प्रणय शाही के खाते में भेजे गए। जगदीश को अलग से 58 हजार रुपये भी दिए गए। पीड़ित का आरोप है कि जमीन के सौदे के लिए दो लाख दस हजार रुपये के स्टाम्प लेकर 7 नवंबर 2023 को एग्रीमेंट कराया गया। इस दौरान जगदीश ने अपने हिस्से की रकम चेक के माध्यम से देने की बात कही, लेकिन उसका चेक बाउंस हो गया। इसके बाद जगदीश ने कैविएट दाखिल कर दी, जबकि प्रतीक शाही ने बैनामे को शून्य घोषित कराने के लिए दीवानी मुकदमा दायर कर दिया।
छोटेलाल के अनुसार, इसकी जानकारी होने पर उसने भीटी थाने में जगदीश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में जगदीश ने समझौता कर पांच लाख 58 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन प्रणय शाही को दिए गए चार लाख रुपये अब तक नहीं लौटाए गए हैं। इसके अलावा स्टाम्प के लिए खर्च किए गए दो लाख दस हजार रुपये भी वापस नहीं मिले हैं। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।