अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, लखनऊ द्वारा प्रायोजित लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के तहत एड्स से बचाव को लेकर सामुदायिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रताप सेवा समिति की ओर से ताराजीपुरम कॉलोनी में निषाद समाज अध्यक्ष श्याम लाल निषाद के आवास पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सीएमओ डॉ. नानकसरन निषाद और खाकी वाले गुरुजी रणजीत यादव शामिल हुए।
इस दौरान मौजूद लोगों को एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी से बचाव और रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लोगों को एड्स के संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय और जागरूकता के महत्व के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को मनोरंजक एवं प्रभावी तरीके से एचआईवी/एड्स से बचाव और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और स्वास्थ्य शिविर लगाने वाले डॉक्टरों का आभार जताते हुए श्याम लाल निषाद ने कहा कि पहले निषाद समाज के लोग शराब की लत में लिप्त रहते थे, लेकिन अब इसमें कमी आई है। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने बच्चों को नशे से दूर रखें। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशामुक्त किया जाएगा।