अयोध्या। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत चल रहे ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम में शनिवार को ऐतिहासिक सीताकुंड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला गंगा समिति एवं नमामि गंगे की ओर से जल निगम (ग्रामीण) और नगर निगम के सहयोग से आयोजित अभियान में सीताकुंड परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान कर साफ-सफाई की गई।
सफाई अभियान के बाद सीताकुंड पर आरती और दीपदान किया गया। दीप जलाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लोगों से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए नियमित रूप से स्वच्छता अभियानों में भाग लेने की अपील की गई।
जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) श्वेता साहू ने कहा कि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना सभी का दायित्व है। कुंडों, नदियों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखकर ही स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
जल निगम (ग्रामीण) के सहायक अभियंता अश्वनी कुमार ने कहा कि सीताकुंड अयोध्या की ऐतिहासिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता और रखरखाव किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखते हुए नियमित सफाई जरूरी है।
जिला गंगा समिति के सदस्य मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक कुंडों तथा नदियों को स्वच्छ रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। स्वच्छता को अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में जल निगम (ग्रामीण) के सहायक अभियंता अश्वनी कुमार, जिला परियोजना अधिकारी श्वेता साहू, जिला गंगा समिति के सदस्य मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट मैनेजर बी.जी. विजयकृष्णन, असिस्टेंट मैनेजर एम. सरवनन, सेफ्टी इंजीनियर अमित कुमार मिश्रा, प्रोसेस इंचार्ज अभिषेक दीक्षित, केमिस्ट आदित्य, मैकेनिकल इंजीनियर ऋषभ, भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून के असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर नीरज कुमार जलज, सुपरवाइजर विनोद सहित नगर निगम के सफाई कर्मचारी, जल निगम ग्रामीण के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।