◆ विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने पर मांगा गया स्पष्टीकरण
अयोध्या । मुख्यमंत्री कमांड सेंटर द्वारा जारी सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर 2025 की रैंकिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग कमजोर रही है, वे आगामी माह में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों को शीघ्र हैंडओवर कर संचालित किया जाए।
सीडीओ ने बैठक में विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में डाटा संशोधन की आवश्यकता है, उनके संबंध में शासन को पत्र भेजकर अगली बैठक से पूर्व सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना, ग्राम्य विकास विभाग के डीएनआरएलएम, आरएफ और सीआईएफ योजनाओं में रैंकिंग सुधार के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि जिन अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं भेजी है, वे शीघ्र जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजें।
बैठक में उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, एनआरएलएम, मनरेगा, आवास, ग्राम विकास, जल निगम, पर्यटन, नगर निगम, राजकीय निर्माण निगम, आवास विकास परिषद और सेतु निगम सहित कई विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बिंदुवार विवरण जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अशोक कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, पंचायती राज अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, सूचना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।