Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जनगणना की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जनगणना की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

0
ayodhya samachar

अंबेडकरनगर। आगामी जनगणना–2027 के सफल संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर में फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें उप जिलाधिकारी अकबरपुर एवं जनगणना प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी विकास यादव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है। इसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाते हैं, जो सरकार की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनरों से कहा कि वे प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझें और आगे होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में इसे प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि जनगणना का कार्य पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, डाटा संकलन की पद्धति, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग, प्रपत्रों को सही ढंग से भरने तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
बताया गया कि यह प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणक एन्यूमरेटर और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकें।
इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, मास्टर ट्रेनर तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version