अयोध्या । जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला समन्वयक शैलेंद्र ने जानकारी दी कि प्रथम चरण के तहत प्रत्येक राजस्व ग्राम और शहरी वार्ड में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के मानचित्रों पर ब्लॉकों की स्पष्ट सीमाएं चिन्हित कर उनकी चौहद्दी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गणना कार्य में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो।
बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय से प्राप्त वर्किंग मैप्स पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन मानचित्रों के आधार पर सीएमएमएस पोर्टल पर संबंधित ग्राम या वार्ड की जनसंख्या के अनुरूप हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों की संख्या दर्ज कर उसे अंतिम रूप से फ्रीज किया जाए।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक क्षेत्र में प्रगणक और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के लिए एक समेकित एक्सेल डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस डाटाबेस में तैनाती योजना, प्रशिक्षण कार्यक्रम और बैच निर्धारण से जुड़ी सभी जानकारियां शामिल होंगी। अधिकारियों ने बताया कि एक मानक टेम्पलेट भी तैयार किया जाएगा, जिससे सभी सूचनाएं एकरूपता के साथ संकलित की जा सकें।