जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा पर अभद्र टिप्पणी करने और उसके परिजनों से अभद्रता व धमकी देने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा को स्कूल आते-जाते समय आरोपी युवक द्वारा कथित रूप से अभद्र टिप्पणी कर परेशान किया जाता था। आरोप है कि चार अक्तूबर की रात आरोपी अपने साथी समेत पीड़िता के घर पहुंचा और परिजनों से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर मारपीट पर आमादा होते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कोठीभार गांव निवासी अभिषेक राजभर पुत्र सभाजीत, विकास राजभर पुत्र रामहित समेत छह लोगों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, गाली-गलौज, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसओ मालीपुर तनुज कुमार पाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।