जैतपुर,अंबेडकर नगर। छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं की सुविधा को लेकर तमसा नदी के घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग तेज हो गई है। भियांव ब्लॉक की न्याय पंचायत गोपरीचांदपुर के जोलहापुर (उष्ठमापुर) चौहान बस्ती स्थित घाटों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं छठ पूजा करने पहुंचती हैं। व्रती महिलाएं पूरी रात नदी किनारे रहकर पूजा की तैयारियां करती हैं, लेकिन घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से उन्हें अंधेरे में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गांव की महिलाओं में
मीरा चौहान, गुलशन चौहान, गुड़िया चौहान, सुनीता चौहान, रंजू चौहान और अर्चना चौहान ने बताया कि गांव की सैकड़ों महिलाएं छठ का व्रत रखती हैं। ऐसे में घाटों पर प्रकाश व्यवस्था के साथ साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि पर्व शुरू होने से पहले घाटों की सफाई कराकर रोशनी सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उधर, खंड विकास अधिकारी भियांव जगन्नाथ चौधरी ने बताया कि घाटों की साफ-सफाई के लिए टीम भेजी जाएगी। जल्द ही सफाई कराई जाएगी, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।