अम्बेडकर नगर। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जिले के 117 लाभार्थियों के बैंक खातों में तीन करोड़ 51 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई। बुधवार को मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने 15 लाभार्थियों को योजना के तहत स्वीकृत सहायता राशि के डेमो चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिले में कुल 77 दावों के सापेक्ष 117 लाभार्थियों को यह सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।
योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु अथवा दिव्यांगता से प्रभावित कृषकों और उनके पात्र आश्रितों को आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से जुड़े सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। कोई भी पात्र परिवार शासन की इस कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सहायक भूलेख अधिकारी अमित मौर्य सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, लाभार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।