Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर देशहित में आगे आए सर्राफा व्यापारी, सोने के रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देने...

देशहित में आगे आए सर्राफा व्यापारी, सोने के रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देने पर बनी सहमति

0
2

अम्बेडकर नगर। वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को कम करने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली जलालपुर में सर्राफा व्यापारियों व व्यापारिक संगठनों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी  ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने की। कार्यक्रम का आयोजन जीएसटी विभाग के समन्वय से किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सोने के अत्यधिक आयात से विदेशी मुद्रा भंडार पर असर पड़ता है। ऐसे में पुराने सोने के रिसाइक्लिंग और री-डिजाइनिंग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से अपील की कि ग्राहकों को पुराने आभूषणों के बदले नए डिजाइन उपलब्ध कराने के लिए सोने की शुद्धता के आधार पर एक प्रतिशत अतिरिक्त छूट देने की व्यवस्था करें।

इसके साथ ही 24 कैरेट खरा सोना और सोने की ईंटों की सीधे ग्राहकों को बिक्री न करने की भी अपील की गई, ताकि अनावश्यक सोना खरीद पर नियंत्रण किया जा सके। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा देशहित के मुद्दों पर प्रशासन का सहयोग करता रहा है और इस अभियान में भी उनकी भूमिका अहम रहेगी।

बैठक में मौजूद सर्राफा व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि देशहित उनके लिए सर्वोपरि है तथा विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

इस दौरान उपायुक्त राज्य कर सुनील कुमार सिंह, पशुपति प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त राज्य कर रवीन्द्र कुमार सहित सर्राफा संगठन के पदाधिकारी प्रदीप सोनी, शत्रुघ्न सोनी, राजकुमार सोनी, सुरेश कुमार सोनी समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here