आलापुर, अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के भौंरा गांव में रविवार को तालाब में 13 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर सुबह से लापता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे का शव देखकर मां सुनीता देवी बेसुध हो गईं, जबकि छोटे भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
भौंरा गांव निवासी गंगाराम मौर्य का पुत्र कृष्णा मौर्य रविवार सुबह से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच गांव के तालाब में उसका शव मिलने की सूचना मिली। जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। कृष्णा तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी छोटी बहन नेहा और छोटा भाई यश हैं। किशोर की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। कृष्णा तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।