जलालपुर, अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र के अमडी टोल प्लाजा के पास मिले अज्ञात शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। मृतक की शिनाख्त अजमलपुर गांव निवासी मायाराम के रूप में हुई है। परिजनों ने शव की पुष्टि कर दी है।
मृतक के भाई संतराम के अनुसार मायाराम 25 तारीख को जलालपुर के बड़ागांव स्थित अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उसी रात वह अचानक कार्यक्रम स्थल से लापता हो गए। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार को अमडी टोल प्लाजा के पास उनका शव मिलने की सूचना परिजनों को दी गई।
बताया गया कि मायाराम अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहकर निजी नौकरी करते थे। वह 23 तारीख को शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे और परिवार सहित बहन के यहां गए थे, जहां से वह रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गए। परिजनों ने आशंका जताई है कि मायाराम का अपहरण कर हत्या की गई है। वहीं थाना अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।