Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बिल्हर घाट से कर्मा चौराहा तक निकली भाजपा की एकता यात्रा, डिप्टी...

बिल्हर घाट से कर्मा चौराहा तक निकली भाजपा की एकता यात्रा, डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर बोला हमला

0

◆ कांग्रेस को भारत के मजबूत होने से कभी नहीं रहा सरोकार – डिप्टी सीएम बृजेश पाठक


अयोध्या। सरदार पटेल के जन्म दिवस समारोह के अवसर पर अयोध्या विधानसभा में निकाली गई एकता यात्रा के समापन पर निर्भय औद्योगिक इंटर कालेज कर्मा में आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने हाल ही में हुए बिहार चुनाव में भाजपा गठबंधन की प्रचंड विजय को जनता का मोदी सरकार की नीतियों पर भरोसा बताया।

डिप्टी सीएम ने कहा कि सरदार पटेल ने न केवल आजाद भारत को मजबूत स्वरूप दिया बल्कि 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर देश की एकता और अखंडता की नींव रखी। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस नेताओं ने रियासतों की शर्तें मानने की हिमायत की थी, लेकिन लौहपुरुष सरदार पटेल ने इसे ठुकरा दिया और भारत को आज जो स्वरूप मिला है उसका श्रेय उन्हें जाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत के मजबूत होने से कभी सरोकार नहीं रहा। इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने देशहित से बड़े निर्णयों में हमेशा बाधाएं खड़ी कीं। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना जनसंघ से लेकर भाजपा की प्राथमिकता रही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में यह ऐतिहासिक कार्य सम्पन्न हुआ।

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में कांग्रेस की भूमिका पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में केस की सुनवाई के दौरान दस्तावेजों का अनुवाद तक समय पर नहीं होने दिया। यहां तक हलफनामा दिया गया कि अयोध्या में रामलला पैदा ही नहीं हुए लेकिन मोदी और योगी सरकार ने भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त किया।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा— यह सिर्फ एक यात्रा नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सरदार पटेल के संकल्पों का प्रतीक है। अयोध्या की जनता ने जनादेश दिया है और हम विकास, सम्मान और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि हमारी यह यात्रा राष्ट्रवाद का संकल्प और कांग्रेस की तुष्टिकरण राजनीति के खिलाफ जनआक्रोश का स्वर है। भाजपा जनआस्थाओं के सम्मान और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। कपिल देव वर्मा ने जनसभा के बाद आभार व्यक्त किया।


एकता यात्रा में उमड़ा जनसैलाब


बिल्हर घाट स्थित हनुमान मंदिर से सुबह करीब 11 बजे छोटी छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया। हाथों में राष्ट्रध्वज, जयकारों और वंदे मातरम् के नारों के साथ निकली इस यात्रा का रास्ते भर स्वागत होता रहा। 8 किमी लंबी इस यात्रा के दौरान चार पड़ाव—पीबीएस इंटर कॉलेज दुर्गापुर, गंगौली चौराहा, पुरखेपुर रामलीला मैदान और पुष्पराज डिफेंस एकेडमी कर्मा चौराहा पर अल्प विश्राम किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक अभय सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, अवधेश पाण्डेय बादल, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, ब्लाक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र सिंह, वासुदेव मौर्या, हरभजन गौड़, दीपेन्द्र सिंह, डा ओपी सिंह, अरविन्द सिंह, शक्ति सिंह,  शैलेन्द्र कोरी, देवता पटेल, कपिल देव वर्मा, रामप्रीत वर्मा, दिनेश वर्मा, दिव्य प्रकाश तिवारी, तिलकराम मौर्या, विकास सिंह, रवि सोनकर, करूणाकर पाण्डेय, अमल गुप्ता, बाल कृष्ण  वैश्य, शंभूनाथ सिंह दीपू, अनूप गुप्ता,  दिनेश मिश्र, मुकेश तिवारी,  सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version